15 Jun 2026
बांदा, 15 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार काे सगे भाई-बहन समेत तीन बच्चों की चंद्रावल नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। हादसे की सूचना पर एसडीएम पैलानी अंकित वर्मा और क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जसपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी कलां निवासी रामशंकर विश्वकर्मा की पुत्री माधुरी (14 ) और पुत्र अंशु (10) अपने गांव के ही प्रतीक (13) के साथ सोमवार सुबह चंद्रावल नदी में नहाने गए थे। नहाते समय तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद तीनों के शव नदी से बरामद कर कर पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, इस घटना से पूरे गांव का माहौल गमगीन है। क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि 15 जून को ग्राम गौरी कलां में चंद्रावल नदी में तीन बच्चों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि छोटे बच्चों को नदी, नाले और अन्य जलाशयों के पास अकेले न जाने दें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।