12 Jun 2026
नई दिल्ली, 12 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के निकट लखनऊ-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दो नफर बाल अपचारियों को पकड़ा है। दोनों की पहचान सीसीटीवी फुटेज की मदद से की गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 12003 लखनऊ-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस पर 11 जून को शाम करीब 7:18 बजे उस समय पथराव हुआ, जब ट्रेन प्रयागराज मंडल के अंतर्गत फिरोजाबाद स्टेशन के पास पेमेश्वर गेट खम्बा नम्बर 1230 5 से गुजर रही थी। रेलवे सुरक्षा बल और संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू की। स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई, जिसके बाद दो बाल अपचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, पथराव की घटनाओं को रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जाता है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार देर शाम मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच पेमेश्वर गेट के पास कुछ असामाजिक तत्वों ने लखनऊ-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस को निशाना बनाया था। घटना के समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी ट्रेन के ई-1 कोच में यात्रा कर रहे थे। हालांकि इस घटना में उन्हें या किसी अन्य यात्री को कोई चोट नहीं आई। ट्रेन के टुंडला स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ टीम ने कोच का निरीक्षण किया, जिसमें केवल बाहरी शीशा (विंडो ग्लास) क्षतिग्रस्त पाया गया। घटना के बाद पुलिस, एलआईयू और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के अनुसार मामले की जांच के लिए पुलिस की सात सदस्यीय टीम का गठन किया गया था और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की गई। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।