15 Feb 2026
भोपाल, 15 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के आनंद नगर क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। वह नहाने के लिए बाल्टी में पानी गर्म कर रहा था और तापमान जांचने के लिए हाथ डालते ही बिजली की चपेट में आ गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, केशव चौकसे (13) पुत्र राजकुमार चौकसे, आनंद नगर का निवासी था और एक निजी स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर पर नहाने की तैयारी कर रहा था। केशव ने पानी गर्म करने के लिए बाल्टी में इलेक्ट्रिक हीटर रॉड लगाई थी। पानी पर्याप्त गर्म हुआ या नहीं, यह देखने के लिए उसने बाल्टी में हाथ डाल दिया। इसी दौरान वह तेज करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में पसरा मातम केशव परिवार का बड़ा बेटा था और उसका एक छोटा भाई है। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई में मेधावी था और भविष्य में पायलट बनने का सपना देखता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।