01 Jul 2026
नई दिल्ली, 01 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। फिल्म काला हिरण- द बैटल फॉर लीगेसी को अभी सेंसर बोर्ड के पास नहीं भेजा गया है। फिल्म के निर्माता ने बुधवार काे इसकी सूचना दिल्ली उच्च न्यायालय को दी। जस्टिस ज्योति सिंह की पीठ ने इस मामले पर अगली सुनवाई 6 जुलाई को करने का आदेश दिया। सुनवाई के दौरान फिल्म के निर्माता के वकील ने कहा कि फिल्म को अभी सेंसर बोर्ड के पास नहीं भेजा गया है। कोर्ट ने इस बात पर गौर किया कि फिल्म के निर्माता की ओर से दाखिल किया गया जवाब कोर्ट के रिकॉर्ड पर नहीं है। उसके बाद कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को करने का आदेश दिया। इसके पहले 19 जून को कोर्ट ने सलमान खान को तत्काल कोई राहत देने से इनकार कर दिया था। जस्टिस मधु जैन की वेकेशन पीठ ने सलमान खान को निर्देश दिया था कि वो याचिका की प्रति फिल्म के निर्माता को उपलब्ध कराएं। सुनवाई के दौरान सलमान खान के वकील निजाम पाशा ने कहा था कि फिल्म याचिकाकर्ता की अनुमति के बिना उनके जीवन पर बनाया गया है। उन्होंने कहा था कि फिल्म का ट्रेलर और पोस्टर रिलीज किया जा चुका है। हालांकि, अभी फिल्म की रिलीज की डेट नहीं बताई गई है। सुनवाई के दौरान फिल्म निर्माता की ओर से कहा गया था कि उन्हें याचिका की पूरी प्रति अभी उपलब्ध नहीं कराई गई है इसलिए कोई भी अंतरिम आदेश पारित नहीं किया जाए। उसके बाद कोर्ट ने कोई भी अंतरिम आदेश पारित नहीं किया और सलमान खान को निर्देश दिया कि वो याचिका की पूरी प्रति फिल्म के निर्माता को उपलब्ध कराएं। याचिका में सलमान खान ने कहा है कि ये फिल्म 1998 में उनसे जुड़े काला हिरण के शिकार से संबंधित है और इस फिल्म के प्रदर्शन से उनके व्यक्तित्व के अधिकारों का उल्लंघन होगा। याचिका में कहा गया है कि फिल्म काला हिरण के निर्माता ने फिल्म में उसके हमशक्ल का इस्तेमाल किया है और वह जो ब्रासलेट पहनता है वैसा ही ब्रासलेट भी पहने दिखाया गया है। याचिका में कहा गया है कि फिल्म के निर्माता प्रमोशन के दौरान सलमान खान के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। याचिका में कहा गया है कि फिल्म रिलीज के बाद काला हिरण के शिकार से जुड़े मामले पर भी असर पड़ सकता है और इससे उसकी छवि पर खराब असर पड़ सकता है। याचिका में कहा गया है कि सलमान खान ने फिल्म के निर्माता को कानूनी नोटिस भेजा था जिसमें फिल्म के प्रमोशन और रिलीज को रोकने की मांग की गई थी। कानूनी नोटिस में कहा गया था कि काला हिरण के शिकार का मामला अभी राजस्थान उच्च न्यायालय में लंबित है। ऐसे में अगर इस मामले में कोई भी सनसनी पैदा की जाएगी तो केस के ट्रायल पर असर पड़ सकता है। काला हिरण फिल्म का पहला पोस्टर भी महीने में जारी किया गया था। फिल्म में काला हिरण के शिकार से जुड़े मामले और उससे संबंधित कोर्ट की सुनवाई के दृश्यों को फिल्माया गया है। फिल्म में सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच की शत्रुता को भी दर्शाया गया है। विवादों से बचने के लिए फिल्म निर्माता ने फिल्म में सलमान से प्रेरित किरदार को अयान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित किरदार को लॉयन बिश्नोई नाम दिया है। फिल्म का निर्देशन भरत एस. श्रीनेत ने किया और इसे प्रोड्यूस अमित जानी ने किया है।