17 Feb 2026
जोधपुर, 17 फरवरी (हि.स.)। शहर के एक प्रॉपर्टी डीलिंग और शेयर ट्रेडर्स कारोबारी से शातिरों ने 1.5 करोड़ की ठगी कर ली। लुटेपिटे ट्रेडर ने अब शास्त्रीनगर थाने में रिपोर्ट दी है। जिस पर पुलिस ने अब जांच आरंभ की है। पीड़ित ने तीन कंपनियों का नामजद किया है। यह फर्जी है अथवा सही है, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। शास्त्रीनगर पुलिस ने बताया कि पाल रोड पर सुभाष नगर स्थित सुभाष विहार में रहने वाले लीलाधर खत्री पुत्र सोहनराज खत्री ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि वह राजस्थान प्रॉपर्टी डीलिंग और शेयर बाजार में ट्रेडिंग का काम करता है। 15 अक्टूबर 25 वह अपने फेसबुक आईडी चला रहा था। तब उसने फायर्स सिक्योरटीज के नाम कंपनी का विज्ञापन देखा था, जोकि खुद को सेबी से कनेक्ट और शेयर बाजार में अच्छे रिटर्न की बात कह रही थी। इस पर बाद में उसके द्वारा गु्रप को जाइंन किया गया और एक महिला नैना वर्मा जिसने खुद को कंपनी का सहायक बताया था और कॉल किया। उसने बातों में उलझाने के साथ इंवेस्टमेंट के नाम पर बात की। उसने फिर सर्विस मैनेजर विक्रम नायर से बात करवाई। इनकी बातों में आकर उसने 75 लाख 85 हजार 820 रूपए इंवेस्ट कर दिए। जोकि बाद में मुनाफा के तौर पर 9 करोड़ 33 लाख 65 हजार रुपए बता रहे थे। मगर इन रुपयों को विड्राल करने के लिए उसे 1.95 लाख रुपए मांगे गए। नैना वर्मा ने अपनी तरफ से 30 लाख और कंपनी की तरफ से 80 लाख रुपए खाते में डालना बताया। मगर 9 करोड़ विड्राल करने के लिए वापस उक्त रकम को डालने को कहा गया। फिर उसने इधर उधर से कुछ रुपए उनके खाते में भिजवाए। 24 दिसम्बर को उसे ग्रुप से रिमूव कर दिया गया। इसी तरह एक अन्य शेयर ट्रेडिंग वेंचुरा सिक्योरिटी ने भी फ्रॉड का शिकार बनाया और 5 नवंबर को 69.10 लाख रूपए इंवेस्ट कराए गए। यहां पर उसकी पहचान वृतिका आनंद से हुई थी जिसके बताए अनुसार रुपए इंवेस्ट किए गए थे। उसके द्वारा जमा कराई रकम को बाद में 5 करोड़ 42 लाख 802 रुपए दर्शाया गया, मगर उन लोगों ने भी ठगी का शिकार बनाया। जबकि तीसरी अन्य कंपनी जोकि एक्सेल इंवेस्टमेंट नाम से थी उसमें 3.95 लाख ट्रांसफर किए गए। उक्त तीनों कंपनियों ने खुद को सेबी से कनेक्ट और रजिस्टर्ड होना बताया था। इस तरह शातिरों ने उससे 1.5 करोड़ रुपए इंवेस्टमेंट के नाम पर ऐंठ लिये।