20 Feb 2026
नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को समावेशी बनाने में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पोस्ट में बताया कि इस बैठक में दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों को लेकर चर्चा की, जिनका उद्देश्य एआई को सभी के लिए लाभकारी और सुलभ बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान भारत की मानवकेंद्रित एआई विकास पहल का उल्लेख किया, जिसमें ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संस्थाओं की प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए सुधार आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में लिखा कि एंटोनियो गुटेरेस के साथ बैठक में हमने चर्चा की कि एआई को सर्वसमावेशी कैसे बनाया जाए और इसमें संयुक्त राष्ट्र की रचनात्मक भूमिका क्या हो सकती है। भारत उन सभी प्रयासों का समर्थन करता है जिनका उद्देश्य एआई का उपयोग बेहतर ग्रह के लिए करना है। बैठक में संयुक्त राष्ट्र सुधारों पर भी विचार-विमर्श हुआ, खासकर ग्लोबल साउथ को अधिक आवाज देने के मुद्दे पर।