13 Feb 2026
जोधपुर, 13 फरवरी (हि.स.)। जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे संख्या 125 पर बालेसर कस्बे के पास खारी बेरी गांव में शुक्रवार एक सडक़ हादसा हो गया। गुजरात से रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं की कार सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। इस दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने रुककर घायलों को बाहर निकाला और बालेसर पुलिस व एंबुलेंस 108 को सूचना दी। एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने पर गुजरात निवासी वासुदेव को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राज, भौतिक और नीलम को घायलावस्था में एंबुलेंस 108 की सहायता से मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बालेसर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटवाया और यातायात सुचारु करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।