30 May 2026
नई दिल्ली, 30 मई (एजेंसी)। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार मनीषा संजय हवलदार की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) हिरासत दो दिनों के लिए बढ़ा दिया है। कोर्ट ने इस मामले की दूसरी आरोपित मनीषा मंधारे की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दिया है। स्पेशल जज अजय गुप्ता ने ये आदेश दिया। मनीषा संजय हवलदार की आज सीबीआई हिरासत खत्म हो रही थी जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया था। सीबीआई ने कोर्ट से कहा कि उसकी दूसरे आरोपितों के सामने बैठाकर पूछताछ करनी है जिसके बाद कोर्ट ने दो दिन की सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया। कोर्ट ने 25 मई को मनीषासंजय हवलदारको आज तक की सीबीआई हिरासत में भेजा था। सीबीआई ने मनीषा को पुणे से 24 मई को गिरफ्तार किया था। सीबीआई के मुताबिक मनीषासंजय हवलदारएनटीए के पैनल में शामिल एक फिजिक्स ट्रांसलेटर है। वो फिजिक्स का पेपर तैयार करने और लीक हुए पेपर को प्रसारित करने में शामिल थी। इसके पहले कोर्ट ने 17 मई को मनीषा मंधारे को आज तक की सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। मनीषा मंधारे एनटीए की ओर से प्रश्न पत्र सेट करने वाले पैनल में थी। मनीषा को मथुरा के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था। मनीषा मंधारे पर आरोप है कि उसने नीट पेपर प्रश्न पत्र को लीक करने के लिए केमिस्ट्री टीचर पीवी राव और मनीषा वाघमारे के साथ साजिश रची। पीवी राव और मनीषा वाघमारे को कोर्ट ने 16 मई को सीबीआई हिरासत में भेजा था। इसके पहले कोर्ट ने 15 मई को धनंजय लोखंडे को सीबीआई हिरासत में भेजा था। आरोप है कि मनीषा वाघमारे ने धनंजय लोखंडे को नीट के प्रश्न पत्र दिए। बाद में धनंजय लोखंडे ने शुभम खैरवार को प्रश्नपत्र दिए। कोर्ट ने 14 मई को पांच आरोपितों नासिक के शुभम खैरनार, जयपुर के मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल और गुरुग्राम से यश यादव को सीबीआई हिरासत में भेजा था। शुभम खैरनार को 13 मई को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था जहां से उसे दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया था। शुभम खैरनार महाराष्ट्र के नासिक का रहनेवाला है।