12 Feb 2026
फिरोजाबाद, 12 फ़रवरी (हि.स.)। एसओजी व थाना उत्तर पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार रात 21 वर्ष से फरार चल रहे 50 हजार रूपये के इनामियाँ अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार अभियुक्त अलीगढ़ में पिता का नाम बदलकर ई-रिक्शा चलाता था। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि अभियुक्त परवेज पुत्र ज्वाला उर्फ जलाल उर्फ असलम उर्फ रमेश निवासी कस्बा व थाना रामगढ़ जनपद फिरोजाबाद हाल पता एकता नगर महेशपुर नई आबादी थाना क्वार्सी जनपद अलीगढ़ वर्ष 2005 से थाना उत्तर में दर्ज एक मुकदमे में फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध 18 मई 2006 से स्थाई एनबीडब्लू वारंट चल रहे थे। अभियुक्त की गिरफ्तारी पर पुलिस उपमाहनिरीक्षक आगरा रेंज आगरा द्वारा 50 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि थाना उत्तर प्रभारी अंजीश कुमार पुलिस टीम के साथ बृहस्पतिवार रात क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि अभियुक्त परवेज थाना क्षेत्र अन्तर्गत छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने बेंदी की पुलिया के समीप दबिश दी। दबिश के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ जबावी कार्यवाही में अभियुक्त परवेज पैर में गोली लगने से घायल हो गया। अभियुक्त परवेज को घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, चार जिन्दा कारतूस 315 बोर, दो खोखा कारतूस 315 बोर, एक मोटरसाइकिल स्पलैंडर बिना नम्बर व 900 रूपये बरामद हुए हैं। एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त परवेज ने प्रारम्भिक पूछताछ में बताया है कि वह अपने पिता का नाम बदल-बदल कर रह रहा था तथा वर्तमान में थाना क्वार्सी जनपद अलीगढ़ क्षेत्र में ई-रिक्शा चलाता था। घायल अभियुक्त के विरुद्ध जनपद फिरोजाबाद व अलीगढ़ के विभिन्न थानों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवा कर अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।