05 Jun 2026
नई दिल्ली, 05 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को चाणक्यपुरी स्थित नेहरू पार्क में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और जनभागीदारी आधारित हरित विकास का संदेश दिया।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा आयोजित इस विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा, नई दिल्ली लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य सरिता तोमर, दिनेश प्रताप सिंह तथा सचिव राहुल सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नितिन नवीन ने एनडीएमसी क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ‘पर्यावरण प्रहरियों’ को सम्मानित किया। इनमें मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, पौधों की देखभाल करने वाले निवासी, माली और अधिकारी शामिल थे। उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद कर उनके अनुभव भी सुने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके योगदान की सराहना की।
मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज देशव्यापी जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को एक भावनात्मक आयाम दिया है, जिससे लोग अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण देने के लिए इस अभियान को और अधिक व्यापक बनाने की आवश्यकता है। वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण के माध्यम से हम प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं और सतत विकास के लक्ष्य को मजबूत कर सकते हैं।
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि इस वर्ष ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अपनी दूसरी वर्षगांठ मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इस अभिनव पहल की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण को मातृ सम्मान से जोड़ने वाली यह अनूठी पहल पिछले दो वर्षों में देशभर में व्यापक जनभागीदारी का प्रतीक बन गई है।
चहल ने कहा कि यह केवल वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति हमारी भावनात्मक एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि एनडीएमसी प्रत्येक रविवार सहित विभिन्न अवसरों पर नियमित रूप से पौधरोपण अभियान चलाकर इस पहल को निरंतर आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद देश की सबसे प्रतिष्ठित शहरी स्थानीय निकायों में से एक है, जो लगभग 42.74 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं, हरित विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, जल एवं विद्युत सेवाओं तथा सतत शहरी विकास के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
चहल ने बताया कि भले ही एनडीएमसी का क्षेत्र दिल्ली के कुल क्षेत्रफल का केवल लगभग 3 प्रतिशत है, लेकिन इसके करीब 55 प्रतिशत हिस्से में हरित क्षेत्र मौजूद है। परिषद लगभग 1,450 एकड़ ग्रीन कवर का प्रबंधन करती है, जिसमें नेहरू पार्क, सेंट्रल पार्क और संजय झील जैसे प्रमुख हरित स्थल शामिल हैं।
कार्यक्रम में एनडीएमसी के उद्यान एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। महिलाओं, युवाओं और स्थानीय निवासियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने इस आयोजन को एक व्यापक जन-अभियान का स्वरूप प्रदान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, जनसहभागिता और मातृ सम्मान के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना।