27 Jan 2026
रायबरेली, 27 जनवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ( यूजीसी ) का अनोखा विरोध देखने को मिला है। मंगलवार को किसान नेता और उनके साथियों ने सवर्ण सांसदों को चूड़ियां भेजी। इसके बाद जमकर नारेबाज़ी भी हुई।उल्लेखनीय है कि यूजीसी के ख़िलाफ़ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच रायबरेली में भाजपा किसान मोर्चा के नेता रमेश बहादुर सिंह व हिन्दू रक्षा दल ने सभी सवर्ण जातियों के सांसदों को चूड़ियां भेजा है। बीजेपी किसान नेता रमेश बहादुर सिंह का कहना है कि 'परिवार पहले है और पार्टी बाद में। चूड़ियां इसलिए भेज रहा हूं कि जिन सांसदों-विधायकों को चुनकर भेजा गया है, वो आकर घर पर रोटियां बनाएं और उनकी पत्नियां सांसद-विधायक बनें। गौ रक्षा दल के नेता महेंद्र पांडेय ने कहा कि 'हम बीजेपी के उन नेताओं को भी चूड़ियां भेज रहे हैं, जिनके मुंह में दही जम गया है। नेता लोग सिर्फ मलाई चाट रहे हैं, क्योंकि इनसे कुछ हो नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि 'सवर्ण बच्चा कोई गलती करेगा तो उसको अपनी बात रखने का मौका भी नहीं दिया जाएगा और सीधे सजा दे दी जाएगी।