30 May 2026
इंफाल, 30 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मणिपुर के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुकेश सिंह शनिवार को इंफाल पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार आगामी एक जून से वह राज्य के पुलिस महानिदेशक के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करेंगे। नई दिल्ली से इंफाल पहुंचने पर हवाई अड्डे पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब राज्य में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। वर्ष 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी मुकेश सिंह, वर्ष 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव सिंह का स्थान लेंगे। राजीव सिंह ने जून, 2023 में राज्य में जातीय हिंसा के दौरान मणिपुर पुलिस की कमान संभाली थी। केंद्र सरकार ने राजीव सिंह का तबादला कर उन्हें नई दिल्ली स्थित कैबिनेट सचिवालय में सचिव (सुरक्षा) नियुक्त किया है। मणिपुर में उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद यह नियुक्ति की गई है। मुकेश सिंह इससे पहले लद्दाख के पुलिस प्रमुख के रूप में सेवाएं दे रहे थे। केंद्र सरकार ने हाल ही में उनकी एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम एवं केंद्र शासित प्रदेश) कैडर से मणिपुर कैडर में तीन वर्ष की अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दी है। इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने आदेश जारी किया था। अधिकारियों का मानना है कि मुकेश सिंह के नेतृत्व में राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में प्रयासों को नई गति मिलेगी।