07 Feb 2026
इंफाल, 07 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर पूरे राज्य में कोऑर्डिनेटेड एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन चलाए, जिसमें अवैध अफीम की खेती के बड़े इलाकों को नष्ट किया गया। वहीं अन्य अभियानों में एक उग्रवादी एवं ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मुख्यालय द्वारा शनिवार काे जारी बयान में बताया है कि शुक्रवार को सुरक्षा बलों और वन विभाग की एक संयुक्त टीम ने उखरुल जिले के उखरुल थानांतर्गत सिहाई पहाड़ी श्रृंखला में 80 एकड़ अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया। वहां माैजूद 10 झोपड़ियों को भी जलाकर नष्ट कर दिया गया। इसी दिन सुरक्षा बलों और वन विभाग की एक संयुक्त टीम ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट के साथ मिलकर सेनापति जिला के फाइबंग थानांतर्गत लखमाई पहाड़ियों में 3 एकड़ अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। वहां बनी तीन झोपड़ियों को भी जलाकर नष्ट कर दिया गया। एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने उग्रवादी संगठन प्रीपाक के एक सक्रिय कैडर, सपम बर्लिन सिंह उर्फ नोंथंग (22) को गिरफ्तार किया गया। सपम मूल रूप से इंफाल पश्चिम जिले थंगमेइबंद खोमद्रंग सेलुंगबा लीकाई का निवासी है। उसे इंफाल पूर्व जिला के पोरमपत थानांतर्गत पोरोमपत अयांगपल्ली रोड पर जेएनआईएमएस के मुख्य गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। इसी कड़ी में सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के लिलोंग थानांतर्गत लिलोंग आलिया लमखाई में एक चार पहिया वाहन (यूपी-32डीएस-2851) को रोका और उसके मालिक, मोहम्मद अब्बास अहमद (42) को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.543 किलो ब्राउन शुगर और चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया गया। सुरक्षा बल जिलों में सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और एरिया डोमिनेशन जारी रखे हुए हैं। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर ज़रूरी सामान ले जा रहे 348 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा काफिला मुहैया कराया गया है।