03 Aug 2026
जबलपुर, 03 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के घमापुर थाना क्षेत्र स्थित गोपाल होटल इलाके में रविवार-साेमवार की दरमियानी रात एक घर पर बम से हमला किए जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। मोटरसाइकिल से पहुंचे बदमाशों ने घर को निशाना बनाते हुए कई बम फेंके, जिससे मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। तेज धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार गोपाल होटल क्षेत्र स्थित आटा चक्की के पास रहने वाली विध्या पासी अपने घर में सो रही थीं। रात करीब तीन बजे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनके घर पर लगातार बम फेंकने लगे। विस्फोट के कारण मकान की दीवार को नुकसान पहुंचा और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धमाकों की आवाज सुनकर विध्या पासी, उनके परिजन तथा आसपास के लोग घरों से बाहर निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर धुआं फैल गया था। इस दौरान सोनी, नीरज और चिन्ना नामक युवक हाथों में बम लिए दिखाई दिए। आरोप है कि बम फेंकने के बाद उन्होंने लोगों को जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित पक्ष और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मामले में आरोपितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।