24 Sep 2026
काकामिगाहारा, 24 सितंबर (एजेंसी)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टार मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद ने भारत के लिए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने यह उपलब्धि जापान में जारी एशियाई खेल 2026 में दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत के तीसरे पूल-ए मुकाबले के दौरान हासिल की। हॉकी इंडिया ने इस खास उपलब्धि पर विवेक को बधाई दी।
26 वर्षीय विवेक ने 2018 में सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था। अपनी संयमित खेल शैली, बहुमुखी प्रतिभा और अहम मौकों पर योगदान देने की क्षमता के कारण वह भारतीय टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं।
विवेक भारतीय टीम के साथ टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले अभियानों का हिस्सा रहे हैं।
इसके अलावा उन्होंने 2023 हांगझोउ एशियाई खेलों में स्वर्ण और 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों और 2018 ब्रेडा चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक भी जीता है।
विवेक 2023 और 2024 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे और दोनों संस्करणों में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने 2025 एशिया कप में भी भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।
भारतीय हॉकी में उनके योगदान के लिए उन्हें 2021 में प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
200 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले पूरे करने के अवसर पर भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने विवेक को स्मृति जर्सी भेंट कर सम्मानित किया।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने विवेक को बधाई देते हुए कहा, “200 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले पूरे करना एक शानदार उपलब्धि है और यह विवेक की निरंतरता, प्रतिबद्धता और भारतीय हॉकी के प्रति जुनून का प्रमाण है। मैं उन्हें इस विशेष उपलब्धि पर बधाई देता हूं और भारतीय जर्सी में उनके कई और यादगार पलों की कामना करता हूं।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “विवेक का 200 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले पूरे करना हॉकी इंडिया और भारतीय हॉकी के लिए गर्व का क्षण है। उनका सफर उस मेहनत, अनुशासन और समर्पण को दर्शाता है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए जरूरी है। विवेक भारत के कई यादगार अभियानों का अहम हिस्सा रहे हैं और यह उपलब्धि उनके योगदान की उचित पहचान है। हम उन्हें बधाई देते हैं और भविष्य के लिए निरंतर सफलता की शुभकामनाएं देते हैं।”