25 Sep 2026
नोएडा, 25 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। बादलपुर थाना क्षेत्र के धूम मानिकपुर गांव में स्थित एक केमिकल की फैक्ट्री में गुरुवार की मध्य रात्रि 2 बजे के करीब भयंकर आग लग गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 21 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं है।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने शुक्रवार काे बताया कि 25 सितंबर की रात 2 बजे के करीब थाना बादलपुर क्षेत्र के धूम मानिकपुर गांव में स्थित धूम ऑर्गेनिक कंपनी जो की केमिकल बनाने का काम करती है, जिसमें बीतीरात काे आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की 21 गाड़ियां तथा एसडीआरएफ की एक बटालियन मौके पर पहुंची। करीब साढे़ पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कूल डाउन की कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की वजह से वहां से निकलने वाला जहरीले धुएं से आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि ड्रम में केमिकल भरे होने की वजह से आग बुझाने में काफी परेशानियां हुई। केमिकल से भरे हुए ड्रम बम की तरह फट रहे थे। हालांकि आग बुझा ली गई है और अभी तक किसी भी प्रकार की जानहानि की बात सामने नही आई है।